
हाजीपुर में महिलाओं की सुरक्षा को नई ताकत, SP शुभांक मिश्रा ने लॉन्च की 'पुलिस दीदी (अभया ब्रिगेड)' और 'गरुणा दल'
हाजीपुर/वैशाली: महिलाओं की सुरक्षा और शहर में अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वैशाली के पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने हाजीपुर शहरी क्षेत्र में दो विशेष पुलिस टीमों "पुलिस दीदी (अभया ब्रिगेड)" और "गरुणा दल" का शुभारंभ किया।
'पुलिस दीदी (अभया ब्रिगेड)' विशेष महिला मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग टीम है, जो स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित गश्त करेगी। यह टीम महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा का भरोसा देने के साथ-साथ किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराएगी।
वहीं, 'गरुणा दल' का गठन शहरी क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, सघन गश्ती और त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स को मजबूत करने के लिए किया गया है। इस दल में 10 मोटरसाइकिलों पर 20 प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जो शहर के संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त कर अपराधियों पर कड़ी नजर रखेंगे और सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई करेंगे।
इस अवसर पर एसपी शुभांक मिश्रा ने कहा कि इन दोनों विशेष इकाइयों का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना, आमजन का पुलिस पर विश्वास बढ़ाना और शहरी क्षेत्र में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को अनुशासित, संवेदनशील और पेशेवर तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा जनता के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने का निर्देश दिया।
वैशाली पुलिस ने दोहराया कि आमजन की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
#टैग #Hajipur #Vaishali #VaishaliPolice #BiharPolice #ShubhankMishra #PoliceDidi #AbhayaBrigade #GarunaDal #WomenSafety #CrimeControl #Bihar #YoungIndiaNews