
नकदी चोरी मामले में रिमांड के दौरान आरोपियों से 17 लाख हुए बरामद; भेजे जेल,
जिला अम्बाला पुलिस द्वारा अपराध एवं चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए-2 (CIA-2) की टीम को एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस टीम ने त्वरित एवं पेशेवर कार्रवाई करते हुए लाल कुर्ती बाजार (अम्बाला छावनी) स्थित एक मकान से लगभग 18 लाख 63 हजार रुपये की भारी-भरकम नकदी चोरी करने की गुत्थी को पूरी तरह सुलझा लिया है। मामले में गिरफ्तार किए गए 4 आरोपियों से पुलिस रिमांड के दौरान 17 लाख रुपये की नकदी बरामद कर ली गई है, जिसके बाद न्यायालय के आदेश पर सभी आरोपियों को जेल (न्यायिक हिरासत) भेज दिया गया है।
घटना का विवरण,
मामले की जानकारी देते हुए जांच अधिकारी सहायक उप-निरीक्षक (ASI) राजेश कुमार (सीआईए-2) ने बताया कि शिकायतकर्ता सुरेन्द्र कौशल (मैनेजर - रेल नीर पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर, फूड एण्ड बीवेरजेस प्रा. लि.) ने 03 अक्टूबर 2026 को थाना पड़ाव में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, अज्ञात चोरों ने लाल कुर्ती बाजार स्थित उनके मकान से 'रेल नीर' की बिक्री से एकत्र किए गए लगभग 18,63,000/- रुपये चोरी कर लिए थे।मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच सीआईए-2 की विशेष टीम को सौंपी गई थी।
कंपनी का कर्मचारी ही निकला था मुख्य साजिशकर्ता,
सीआईए-2 प्रभारी उप-निरीक्षक (SI) रवि कुमार के नेतृत्व में एएसआई राजेश कुमार व उनकी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया था:
संजीव कुशवाह – निवासी: गाँव तलपुरा, थाना तिगरा, जिला ग्वालियर (मध्य प्रदेश)
अमन – निवासी: शिवहरे कालोनी, मुरार, जिला ग्वालियर (मध्य प्रदेश)
सुमित कुशवाह – निवासी: शिवहरे कालोनी, मुरार, जिला ग्वालियर (मध्य प्रदेश)
विवेक कुशवाह – निवासी: नयापरा, थाना जोरा, जिला मुरैना (मध्य प्रदेश)
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी विवेक कुशवाह संबंधित ड्रिंकिंग वाटर कंपनी में ही काम करता था। उसने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की इस पूरी साजिश को अंजाम दिया था।
17 लाख रुपये बरामद, सभी आरोपी भेजे गए जेल,
गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम ने सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया था। रिमांड अवधि के दौरान की गई गहन पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई कुल राशि में से 17 लाख रुपये (17,00,000/- रुपये) की नकदी सफलतापूर्व बरामद कर ली,पुलिस रिमांड समाप्त होने पर सभी चारों आरोपियों को पुनः माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक हिरासत (जेल) भेज दिया गया है। Haryana Police
Ambala, Ambala | Oct 18, 2026