खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने रामनगर के लखनपुर क्षेत्र में मेडिकल स्टोरों पर सघन जांच अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान पांच मेडिकल स्टोरों में विभिन्न अनियमितताएं मिलने पर विभाग ने संचालकों को नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर जवाब देने और कमियां दूर करने के निर्देश दिए हैं। चेतावनी दी गई है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित मेडिकल स्टोरों के लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की जाएगी।
औषधि निरीक्षक डॉ. अर्चना के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम के तहत मेडिकल स्टोरों की जांच की गई। इस दौरान दवाओं के खरीद-बिक्री रिकॉर्ड, लाइसेंस की शर्तों का पालन, पंजीकृत फार्मासिस्ट की मौजूदगी, सीसीटीवी व्यवस्था और अन्य नियामकीय मानकों का सत्यापन किया गया।
अभियान के दौरान चार औषधीय नमूने भी संग्रहित किए गए, जिन्हें गुणवत्ता जांच के लिए राजकीय औषधि विश्लेषणशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
#uttarakhand #nainital #Ramnagar