बिहार में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। उद्योग विभाग ने मुजफ्फरपुर और दरभंगा में दो आधुनिक प्लग-एंड-प्ले औद्योगिक पार्क विकसित करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेज दिया है। योजना के तहत मुजफ्फरपुर के पारू में 700 एकड़ और दरभंगा के बहादुरपुर में 350 एकड़, यानी कुल 1050 एकड़ भूमि पर औद्योगिक पार्क बनाए जाएंगे। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद केंद्र सरकार से करीब 1050 करोड़ रुपये की सहायता मिलने की संभावना है। इन पार्कों में सड़क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाएं पहले से उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे उद्योगों की स्थापना आसान होगी। मुजफ्फरपुर में कपड़ा, खाद्य प्रसंस्करण और निर्माण क्षेत्र की इकाइयों को प्राथमिकता दी जाएगी। सरकार का मानना है कि इस परियोजना से उत्तर बिहार में निवेश बढ़ेगा और हजारों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।