
चूरू। चूरू साइबर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर महिला के नाम से फर्जी आईडी बनाकर वीडियो कॉल के जरिए अश्लील वीडियो तैयार कर ब्लैकमेल करने तथा लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पीड़ित से करीब 6 लाख रुपये वसूलने और लगातार और अधिक रकम की मांग करने का आरोप है।
जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम. ने बताया कि 28 जून 2026 को सालासर थाना क्षेत्र के न्यामा निवासी व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि गौतम शर्मा ने महिला के नाम से फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर वीडियो कॉल की, फिर अश्लील वीडियो तैयार कर उसे वायरल करने की धमकी देते हुए ब्लैकमेल किया।
आरोपी ने इस तरीके से पीड़ित से 6 लाख रुपये ऐंठ लिए तथा बाद में भी लगातार पैसों की मांग करता रहा। इस पर पुलिस ने प्रकरण संख्या 14/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चूरू सुनील कुमार (आरपीएस) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक त्वरित अनुसंधान सेल दिनेश कुमार के निर्देशन तथा साइबर थाना प्रभारी विजय कुमार मीणा (आरपीएस) के नेतृत्व में गठित टीम ने साइबर फ्रॉड में उपयोग किए गए बैंक खातों और मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच के दौरान आरोपी की पहचान गौतम उर्फ यतिल पुत्र नथमल शर्मा (24) निवासी दिन्दारपुरा, थाना बरड़वा, जिला डीडवाना-कुचामन के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी को 10 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले में आगे की जांच कर रही है।
#churu #ChuruPolice #police #cybercrime #videoviral Churu Police
Churu, Churu | Jul 11, 2026