
जोधपुर में एएसआई 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, एसीबी की ट्रैप कार्रवाई
जोधपुर, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की स्पेशल यूनिट जोधपुर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस कमिश्नरेट जोधपुर के शास्त्री नगर थाने में पदस्थापित सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) हरदेवराम को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
एसीबी के अनुसार परिवादिया ने शिकायत दी थी कि उसके पति के साथ मारपीट के मामले की जांच एएसआई हरदेवराम कर रहे थे। वहीं दूसरी ओर उसके पति व अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज मामले की जांच भी उसी अधिकारी के पास थी। आरोप है कि एएसआई ने परिवादिया के पति के खिलाफ दर्ज मुकदमे में मदद करने और एक व्यक्ति का नाम मामले से हटाने के एवज में पहले 5 हजार रुपये ले लिए थे। इसके बाद आरोपी ने सीआई के नाम पर 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की और लगातार परिवादिया को परेशान कर रहा था।
शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। एसीबी जोधपुर रेंज के उप महानिरीक्षक के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश चौधरी के नेतृत्व में निरीक्षक उमेश कुमार विश्नोई व टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी एएसआई हरदेवराम को परिवादिया के निवास पर 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने रिश्वत की राशि अपनी पैंट की जेब में रखी थी, तभी एसीबी टीम ने उसे दबोच लिया।
एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।