
शेरगढ़ जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल (डॉ.) बलदेव सिंह 'मानव' का बाड़मेर-बालोतरा दौरा, 17 जुलाई को विभिन्न स्थानों पर समस्या समाधान शिविर आयोजित
पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं, वीर नारियों, आश्रितों तथा सेवारत सैनिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला सैनिक कल्याण अधिकारी, शेरगढ़ कर्नल (डॉ.) बलदेव सिंह 'मानव', जिन्हें वर्तमान में बाड़मेर, बालोतरा एवं जालौर जिलों का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है, शुक्रवार 17 जुलाई को बालोतरा एवं बाड़मेर जिले के दौरे पर रहेंगे।
दौरे के दौरान विभिन्न स्थानों पर गौरव सेनानियों एवं उनके परिजनों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी तथा जिन मामलों का मौके पर समाधान संभव होगा उनका तत्काल निस्तारण किया जाएगा। जिन प्रकरणों में संबंधित विभागों अथवा अभिलेखों के आधार पर कार्रवाई अपेक्षित होगी, उन्हें जिला सैनिक कल्याण कार्यालय स्तर पर विधिवत केस टेकअप कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
दौरे का कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा—
प्रातः 10:00 बजे – कल्याणपुर
दोपहर 12:00 बजे – सिणधरी
दोपहर 1:30 बजे – चवा
दोपहर 3:00 बजे से सायं 7:00 बजे तक – जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, बाड़मेर
इसके उपरांत अधिकारी अगले दिन शेरगढ़ के लिए प्रस्थान करेंगे।
कर्नल (डॉ.) बलदेव सिंह 'मानव' ने सभी पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं, वीर नारियों, विधवा माताओं, आश्रित परिवारों तथा सेवारत सैनिकों से आग्रह किया है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या, शिकायत अथवा प्रशासनिक कार्य करवाना हो तो निर्धारित स्थान एवं समय पर अपनी लिखित आवेदन-पत्र तथा आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित हों।
दौरे के दौरान विशेष रूप से निम्न कार्यों से संबंधित प्रकरणों पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जाएगी—
पूर्व सैनिकों एवं आश्रितों की सामान्य शिकायतों का समाधान।
रक्षा कोटे से महाविद्यालय प्रवेश हेतु आवश्यक प्रमाण-पत्रों का सत्यापन एवं हस्ताक्षर।
सरकारी सेवाओं में रक्षा कोटे के बोनस अंकों से संबंधित प्रपत्रों का सत्यापन।
रक्षा श्रेणी में प्राथमिकता से विद्युत कनेक्शन (जैसे कृषि ट्यूबवेल अथवा अन्य पात्र वाणिज्यिक कनेक्शन) से संबंधित प्रकरणों का मार्गदर्शन एवं आवश्यक प्रमाणन।
पूर्व सैनिक पहचान पत्र (ESM Identity Card) बनवाने से संबंधित प्रकरण। जिन आवेदकों ने अपना विवरण सैनिक कल्याण पोर्टल पर पहले से अपडेट कर रखा है, उनके दस्तावेजों का मौके पर सत्यापन कर आगे की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी।
अन्य सभी सैनिक कल्याण योजनाओं एवं सुविधाओं से संबंधित आवेदन।
सभी पूर्व सैनिकों एवं आश्रितों से अनुरोध है कि वे अपने साथ पीपीओ (PPO), डिस्चार्ज बुक, पुराना सैनिक पहचान पत्र (यदि उपलब्ध हो), आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा अन्य आवश्यक सैन्य एवं व्यक्तिगत दस्तावेज अवश्य लेकर आएं, जिससे मौके पर सत्यापन कर कार्यों का शीघ्र निस्तारण किया जा सके।
सेवारत सैनिक, जो वर्तमान में अवकाश पर हैं, वे भी यदि अपने गांव में रास्ते के विवाद, भूमि संबंधी समस्याओं, राजस्व विभाग से जुड़े प्रकरण अथवा अन्य प्रशासनिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं, तो वे भी निर्धारित स्थानों पर उपस्थित होकर अपनी समस्या प्रस्तुत कर सकते हैं। आवश्यक होने पर संबंधित विभागों के साथ उनके प्रकरणों को प्राथमिकता से टेकअप किया जाएगा।
दौरे के दौरान जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, बाड़मेर का स्टाफ भी साथ रहेगा, जिससे अधिकाधिक प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया जा सके।
कर्नल (डॉ.) बलदेव सिंह 'मानव' ने बताया कि इस प्रकार के स्थानीय शिविर आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं, विधवा माताओं एवं आश्रित परिवारों को छोटी-छोटी प्रशासनिक प्रक्रियाओं के लिए बार-बार बाड़मेर मुख्यालय तक लंबी दूरी तय करने से बचाना है। इससे उनका समय, धन एवं अनावश्यक यात्रा का कष्ट बचेगा तथा सैनिक कल्याण सेवाएं उनके निकट उपलब्ध हो सकेंगी।
उन्होंने क्षेत्र के सभी गौरव सेनानियों एवं उनके परिजनों से निर्धारित समयानुसार अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।