
रामनगर के राजकीय इंटर कॉलेज, ग्राम छोई में अराजक तत्वों द्वारा एक बार फिर तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के विरोध में शनिवार को विद्यालय के एक दर्जन से अधिक शिक्षक कोतवाली पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य उमेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार सुबह जब विद्यालय का स्टाफ पहुंचा तो प्रधानाचार्य कक्ष और कार्यालय कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरे टूटे मिले। कैमरों की रिकॉर्डिंग में एक व्यक्ति कैमरे तोड़ता हुआ दिखाई दे रहा है।
प्रधानाचार्य ने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति पहले भी कई बार विद्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ चुका है। इसके अलावा उसने प्रधानाचार्य कक्ष के ताले तोड़कर महत्वपूर्ण दस्तावेजों को नुकसान पहुंचाने का भी प्रयास किया है। उनका कहना है कि आरोपी पिछले करीब एक वर्ष से लगातार विद्यालय को नुकसान पहुंचाकर शिक्षकों और कर्मचारियों को परेशान कर रहा है।
प्रधानाचार्य ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आरोपी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान शिक्षक सुरेश जोशी, ममता रानी, शिवानी आर्य, रेनू आर्य, सुरेंद्र पटवाल, रघुवीर सिंह, नवीन चंद्र जोशी सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
#uttarakhand #Ramnagar #nainital