
गाडविन पब्लिक स्कूल घल्लू की होनहार छात्रा अनहद कौर ने जिला स्तरीय आर्चरी में जीता ब्रॉन्ज
अनहद ने अंडर-17 वर्ग की कंपाउंड आर्चरी में उपलब्धि हासिल कर इलाके व विद्यालय का नाम किया रोशन
प्रदर्शन के बलबूते स्टेट लेवल के लिये सिलेक्शन,पहले नैशनल स्तर पर पदक जीत कर रच चुकी इतिहास
अनहद कौर की उपलब्धि पर समूची मैनेजमेंट को गर्व: मैडम लखविंद्र कौर बराड़
एडवोकेट मनिंद्र सिंह सरां और बेस्ट टीचर अवार्डी प्रिंसिपल श्रीमती नवजीत कौर की बेटी है अनहद
फाजिल्का,21 अगस्त(सोनू वर्मा): गाडविन पब्लिक स्कूल घल्लू की होनहार छात्रा एवं एडवोकेट मनिंदर सिंह सरां की बेटी अनहद कौर ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए आर्चरी के क्षेत्र में सफलता हासिल की है। जिला स्तरीय आर्चरी प्रतियोगिता में अनहद कौर ने अंडर-17 वर्ग की कंपाउंड आर्चरी स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर विद्यालय, परिवार और जिले का नाम रोशन किया। इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका स्टेट लेवल प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।
गौरतलब है कि अनहद कौर इससे पहले भी आर्चरी के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं। इससे पहले उन्होंने इंफाल (मणिपुर) में आयोजित 69वीं नेशनल स्कूल गेम्स आर्चरी चैंपियनशिप में अंडर-19 आयु वर्ग की कंपाउंड आर्चरी टीम इवेंट में कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया था। उनकी उस उपलब्धि को इसलिए भी ऐतिहासिक माना गया था क्योंकि अंडर-19 कंपाउंड आर्चरी वर्ग में राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाली वह जिले की पहली खिलाड़ी बनी थीं।
अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अंडर-17 कंपाउंड वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल जीतने के बाद स्टेट लेवल के लिए चयनित होना अनहद की निरंतर मेहनत और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है। कम उम्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही अनहद ने यह साबित किया है कि सही मार्गदर्शन, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ बेटियां किसी भी क्षेत्र में ऊंचा मुकाम हासिल कर सकती हैं।
इस मौके पर विद्यालय के डीपी मोहित सर ने अनहद की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि वह नियमित अभ्यास और पूरी एकाग्रता के साथ आर्चरी में आगे बढ़ रही हैं। जिला स्तर पर पदक जीतकर स्टेट लेवल के लिए चयनित होना उनके लिए एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अनहद आगामी प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन करेंगी।
गाडविन पब्लिक स्कूल घल्लू के मैनेजिंग डायरेक्टर जगजीत सिंह बराड़ ने अनहद कौर को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय के विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को निखारने के लिए निरंतर प्रोत्साहित किया जाता है। उन्होंने अनहद के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वह इसी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ती रहें।
मैनेजमेंट कमेटी की सदस्य लखविंदर कौर बराड़ ने भी अनहद को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि अनहद ने अपनी मेहनत से यह संदेश दिया है कि बेटियां अवसर मिलने पर हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।
विद्यालय के प्रिंसिपल अभिलेख शर्मा ने कहा कि अनहद पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। आर्चरी में जिला स्तर पर ब्रॉन्ज मेडल और स्टेट लेवल के लिए चयन उनकी प्रतिभा और मेहनत का परिणाम है। विद्यालय परिवार को उनकी उपलब्धि पर गर्व है।
इस मौके पर अनहद कौर के माता-पिता एडवोकेट मनिंदर सिंह सरां तथा सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल कबूलशाह खुब्बन की प्रिंसिपल एवं पंजाब सरकार से स्टेट लेवल बेस्ट टीचर अवार्ड से सम्मानित श्रीमती नवजीत कौर ने बेटी की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि अनहद ने एक बार फिर परिवार और विद्यालय का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि आर्चरी कोच रवि कुमार सर के मार्गदर्शन में अनहद लगातार मेहनत कर रही हैं और अब स्टेट लेवल पर चयन उनके लिए एक और महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अनहद आगामी प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगी।