
#shimla:- मुख्यमंत्री ने चौपाल क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को दी मजबूती, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्र मोहन ठाकुर ने जताया आभार
कांग्रेस नेता एवं पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्र मोहन ठाकुर ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार चौपाल विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बीते दिनों चौपाल नगर पंचायत की अध्यक्ष पोमिता ठाकुर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से भेंट कर क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया था।
उन्होंने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से चौपाल विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य, सड़क और शिक्षा सुविधाओं को सुदृढ़ करने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी थी। मुख्यमंत्री ने मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए क्षेत्र के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों की तैनाती कर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
चंद्र मोहन ठाकुर ने कहा कि दूरदराज़ क्षेत्रों में डॉक्टरों की नियुक्ति से स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और मरीजों को उपचार के लिए अन्य स्थानों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री का इस जनहितैषी निर्णय के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश सरकार भविष्य में भी चौपाल विधानसभा क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देते हुए सड़क, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए प्रभावी कदम उठाएगी। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कांग्रेस महासचिव यशपाल तनकाइक तथा चंद्र मोहन ठाकुर भी शामिल थे।