
नीदरलैंड में मिर्जापुर की बेटी नव्या सिंह ने रचा इतिहास, भारतीय दूतावास की पेंटिंग प्रतियोगिता में हासिल किया प्रथम स्थान
मिर्जापुर। देश की विविधता, संस्कृति और एकता को रंगों के माध्यम से खूबसूरती से प्रस्तुत कर चुनार की नतिनी नव्या सिंह ने नीदरलैंड में मिर्जापुर और पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। भारतीय स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नीदरलैंड स्थित इंडियन एम्बेसी में आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में नव्या ने प्रथम स्थान हासिल किया।
नव्या ने अपनी पेंटिंग में भारत की विविधता और सांस्कृतिक एकता को बेहद आकर्षक अंदाज में उकेरा, जिसे प्रतियोगिता में खूब सराहा गया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और मिर्जापुर के लोगों में खुशी की लहर है।
नव्या की माता शाची सिंह और पिता दोनों नीदरलैंड में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। मूल रूप से यह परिवार वाराणसी का रहने वाला है, जबकि नव्या का ननिहाल चुनार से जुड़ा हुआ है।
नव्या की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया है कि प्रतिभा देश की सीमाओं की मोहताज नहीं होती। विदेश की धरती पर भारतीय संस्कृति और विविधता को रंगों के जरिए प्रस्तुत कर नव्या ने अपने परिवार के साथ-साथ मिर्जापुर और पूरे पूर्वांचल का नाम रोशन किया है।