नगरीय निकाय आम चुनाव-2026*
*जिले की सभी 6 नगरीय निकायों के मतगणना केन्द्रों पर 14 सितम्बर को प्रातः 8 बजे से होगी मतगणना
सवाई माधोपुर, 13 सितम्बर नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जिले के सभी 6 नगरीय निकायों में मतदान प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 14 सितम्बर 2026 को प्रातः 8 बजे से मतगणना प्रारंभ होगी। सवाई माधोपुर के मतगणना केन्द्र महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, साहूनगर में होगी।
*इन केन्द्रों पर होगी मतगणना*
जिले के छह नगरीय निकायों के लिए निर्धारित मतगणना केन्द्र एवं टेबल इस प्रकार हैं—
नगर परिषद सवाई माधोपुर : महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, साहूनगर, कमरा नं. 14 — वार्ड 1 से 60, 14 टेबल।
नगर पालिका खण्डार: राजकीय महाविद्यालय,खण्डार हॉल नं. 1 — वार्ड 1 से 25, 5 टेबल।
नगर पालिका बौंली: राजकीय महाविद्यालय,बौंली कमरा नं. 2 — वार्ड 1 से 25, 5 टेबल।
नगर परिषद गंगापुर सिटी: गंगापुर सिटी में दो कक्षों में मतगणना होगी। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गंगापुर सिटी— वार्ड 1 से 30 के लिए न्यू हॉल नं. 1 में 7 टेबल तथा वार्ड 31 से 60 के लिए कमरा नं. 31 में 7 टेबल।
नगर पालिका वजीरपुर: राजकीय कन्या महाविद्यालय,वजीरपुर कमरा नं. 3 — वार्ड 1 से 25, 5 टेबल।
नगर पालिका बामनवास: राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बामनवास कमरा नं. 2 — वार्ड 1 से 20, 5 टेबल।
*वार्डवार होगी मतगणना, पहले गिने जाएंगे डाक मतपत्र*
सभी नगरीय निकायों में एक वार्ड के लिए एक मतगणना टेबल निर्धारित की गई है। जिस वार्ड में एक से अधिक मतदान केन्द्र हैं, वहां सभी मतदान केन्द्रों के मतों की गणना उसी टेबल पर की जाएगी। प्रत्येक अभ्यर्थी संबंधित वार्ड के लिए एक गणना अभिकर्ता नियुक्त कर सकेगा। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतगणना की शुरुआत डाक मतपत्रों की गणना से होगी। इसके लिए पृथक टेबल निर्धारित नहीं की जाएगी, बल्कि संबंधित रिटर्निंग अधिकारी की टेबल पर ही डाक मतपत्रों की गणना होगी।
Sawai Madhopur, Sawai Madhopur | Sep 13, 2026