.*बस्ती: नगर पालिका की लापरवाही उजागर, सड़क की पटरी पर धड़ल्ले से चल रहा अवैध सर्विस स्टेशन, नाली जाम से मोहल्ला परेशान*
बस्ती। रेलवे स्टेशन रोड पर नगर पालिका परिषद बस्ती की बड़ी लापरवाही सामने आई है। सड़क की पटरी और सरकारी नाली पर अतिक्रमण करके अवैध रूप से सर्विस स्टेशन (गाड़ी धुलाई सेंटर) चलाया जा रहा है, जिससे पूरे मोहल्ले में जलभराव और गंदगी की समस्या उत्पन्न हो गई है।
मामला जोहरा हास्पिटल के सामने आर०सी० लॉन के बगल में पूरब तरफ का है। यहाँ स्थानीय निवासी संजय घुसिया ने जिलाधिकारी महोदया बस्ती को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि इस सर्विस स्टेशन पर दिन-रात टेम्पो, मोटर साइकिल और चार पहिया वाहनों की धुलाई का कार्य किया जाता है।
*सबसे बड़ी समस्या यह है कि -*
गाड़ियों की धुलाई से निकलने वाली मिट्टी, धूल, ग्रीस, मोबिल और रेत सीधे नगर पालिका द्वारा बनाई गई सरकारी नाली में बहाई जा रही है। जिससे नगर पालिका की मुख्य नाली पूरी तरह जाम/चौक हो गई है।
1. नाली का गंदा पानी आगे नहीं निकल पा रहा है और बरसात में सड़कों पर पानी भरकर बहता है, नाले में नहीं जा पाता।
2. बरसात के समय पूरा स्टेशन रोड जलमग्न हो जाता है और लोगों के घरों, दुकानों में गंदा पानी घुस जाता है।
3. नाली में मिट्टी भर जाने से आसपास के क्षेत्र में भयंकर बदबू और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बन गया है।
4. यह सर्विस स्टेशन नगर पालिका की अनुमति के बिना, सरकारी फुटपाथ और नाली पर अतिक्रमण करके चलाया जा रहा है, जो पूरी तरह से अवैध है।
5. नाली अवरुद्ध होने से नगर पालिका के स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों में भी बाधा उत्पन्न हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बाद भी नगर पालिका ने इस ओर ध्यान नहीं दिया है। अवैध रैंप बनाकर सड़क की पटरी को ही सर्विस स्टेशन में तब्दील कर दिया गया है, जैसा कि तस्वीर में साफ देखा जा सकता है। पीड़ित ने जिलाधिकारी से मांग की है कि जनहित एवं जन-स्वास्थ्य को देखते हुए उक्त अवैध सर्विस स्टेशन का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराकर नाली को जे०सी०बी० से साफ कराया जाये एवं अवैध रैंप और अतिक्रमण को हटवाकर गाड़ी धुलाई का कार्य पूर्ण रूप से बंद कराया जाये।
Kirti Prakash Bharti
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Sep 21, 2026