शासकीय हाईस्कूल कोटा में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित
विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट, जूवेनाइल जस्टिस एक्ट एवं नालसा की योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के आदेशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी के अध्यक्ष श्री राजेन्द्र प्रसाद सोनी के निर्देशन में मंगलवार को शासकीय हाईस्कूल कोटा में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी की सचिव श्रीमती रंजना चतुर्वेदी की अध्यक्षता में यह शिविर हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को विधिक अधिकारों एवं कानूनों के प्रति जागरूक करना रहा।
शिविर के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं को हिंदी भाषा के महत्व से अवगत कराने के साथ-साथ उनके मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को जूवेनाइल जस्टिस एक्ट (किशोर न्याय अधिनियम) के प्रावधानों तथा पॉक्सो एक्ट के संबंध में विस्तृत रूप से समझाया गया। शिविर में नालसा मेगा ड्राइव के अंतर्गत संचालित 13 जनकल्याणकारी योजनाओं के विषय में भी बारीकी से जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों द्वारा उपस्थित छात्र-छात्राओं की विभिन्न समस्याओं व जिज्ञासाओं को ध्यानपूर्वक सुना गया। उनके त्वरित एवं उचित निराकरण के लिए मौके पर ही स्कूल प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि विद्यार्थियों को पठन-पाठन एवं अन्य सुविधाओं में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
#shivpuri
Shivpuri, Madhya Pradesh | Sep 15, 2026