*प्रदेश में पानी पर भी बिजली और पानी से भी एनर्जी स्रोत मजबूत हुए : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव*
----
*10 से 12 वर्षों का समयकाल बड़ा नहीं, लेकिन पीएम श्री मोदी ने आर्थिक ग्रोथ बढ़ाकर विकास के पहिये को गति दी*
----
*मप्र में औद्योगिक विकास के लिए अब तक हुए एमओयू को जमीन पर उतारने में मिल रही सफलता*
----
*मप्र सबसे सस्ती बिजली और सबसे अधिक रोजगार सृजित करने वाले प्रदेशों में शामिल*
----
*मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मालवा अंचल में हिंदू इकोनॉमिक फोरम में उद्योगपतियों से साझा की प्रदेश की उद्योग नीति और शासन की औद्योगिक विकास के प्रति मंशा*
----
*मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हिंदू इकोनॉमिक फोरम के इंदौर चैप्टर का शुभारंभ किया*
इंदौर, 26 सितंबर 2026
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार शाम होटल शेरेटन, इंदौर में हिंदू इकोनॉमिक फोरम के इंदौर चैप्टर के शुभारंभ कार्यक्रम में ‘अर्थ अभ्युदय’ विषय पर मुख्य संबोधन दिया। इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, विधायक श्री गोलू शुक्ला, श्री सुमित मिश्रा, संभागायुक्त श्री भास्कर लाक्षाकार, पुलिस आयुक्त श्री संतोष सिंह, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, अपर कलेक्टर श्री रिंकेश वैश्य सहित बड़ी संख्या में उद्यमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज इंदौर में आयोजित हिंदू इकोनॉमिक फोरम के कार्यक्रम में उद्योगपतियों को प्रदेश की उद्योग नीति और औद्योगिक विकास के प्रति शासन की प्रतिबद्धता से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश आज उन क्षेत्रों में अग्रणी है, जो उद्योगों के लिए सबसे आवश्यक और महत्वपूर्ण हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में सरप्लस बिजली के साथ पर्याप्त लैंड बैंक उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पानी पर सोलर पैनल से भी बिजली बनाई जा रही है। साथ ही पानी से एनर्जी के भी स्रोत मजबूत हुए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश में उद्योगों के नए सेक्टर पर लगातार कार्य किया जा रहा है। इसमें धार्मिक पर्यटन के साथ मेडिकल टूरिज्म भी शामिल है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि देश की आर्थिक प्रगति में उद्यमियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। आर्थिक विकास के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2002-03 में मध्यप्रदेश में प्रति व्यक्ति आय लगभग 11 हजार रुपये हुआ करती थी। वर्ष 2022 तक यह बढ़कर 1 लाख 40 हजार रुपये और वर्ष 2026 में 1 लाख 67 हजार रुपये हो गई है। उन्होंने कहा कि 10 से 12 वर्षों का समयकाल बहुत बड़ा नहीं होता, लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश की आर्थिक ग्रोथ बढ़ाकर विकास के पहिये को गति देने का कार्य किया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में औद्योगिक विकास के लिए अब तक हुए एमओयू को जमीन पर उतारने में सफलता मिल रही है। शासन की मंशा प्रदेश में उद्योगों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने और अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की है। मध्यप्रदेश में उद्योगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
भारत सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार श्री वी. अनंता नागेश्वरन ने कहा कि भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्तमान में देश की विकास दर 7.8 प्रतिशत है और आने वाले वर्षों में इसमें और वृद्धि होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि भारत का विदेशों के साथ व्यापार लगातार बढ़ रहा है। कार्यक्रम में फोरम के प्रमुख विज्ञानान्द ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में बताया गया कि वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस के अब तक तीन आयोजन देश-विदेश में हो चुके हैं। पहला आयोजन वर्ष 2014 में नई दिल्ली में हुआ था। इसके बाद वर्ष 2018 में अमेरिका के शिकागो शहर में और वर्ष 2023 में थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस का आयोजन हुआ। वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस का चौथा आयोजन आगामी 18 से 20 दिसंबर 2026 तक मुंबई में होगा। कार्यक्रम में वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस के कार्यक्रमों पर आधारित वृतचित्र दिखाया गया।
----
#JansamparkMP #indore #इंदौर #Industry #Investment #Employment
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Indore, Madhya Pradesh | Sep 26, 2026