नवादा: नारदीगंज थाना क्षेत्र के कुझा गांव में उस वक्त विवाद उत्पन्न हो गया जब होली के दौरान अबीर लगाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक को उसके ही चचेरे भाई ने गोली मार दी। यह घटना बुधवार की रात लगभग 11 बजे की बताई जा रही है। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज पटना में चल रहा है। थानाध्यक्ष आदित्य कुमार सिंह ने बताया कि घायल युवक की पहचान अवधेश चौधरी के पुत्र रंजीत चौधरी के रूप में हुई है। वहीं आरोपी अलखदेव चौधरी का पुत्र श्रवण चौधरी है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया गया है। बताया जा रहा है कि होली पर्व के दौरान आरोपी श्रवण चौधरी ने रंजीत चौधरी की पत्नी को रंग-अबीर लगा दिया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि श्रवण चौधरी ने रंजीत चौधरी पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में घायल रंजीत चौधरी को इलाज के लिए पटना ले गए। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष आदित्य कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। पुलिस ने घायल का फर्द बयान भी दर्ज कर लिया है। फिलहाल घायल की स्थिति में सुधार बताया जा रहा है। *✍️सोनू सिंह (Sonu Singh Journalist)*