नवादा में अदानी फैक्ट्री पर मजदूरों का फूटा गुस्सा, वेतन बढ़ाओ नहीं तो आंदोलन तेज होगा
#sonusinghjournalist
नवादा: जिले के वारिसलीगंज स्थित अदानी सीमेंट फैक्ट्री में गुरुवार को कर्मचारियों का आक्रोश फूट पड़ा। नए वेतन और बेहतर सुविधाओं की मांग को लेकर मजदूरों ने जमकर हंगामा किया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। कर्मचारियों का आरोप है कि वर्तमान वेतन और कार्य स्थितियां उनके अनुरूप नहीं हैं, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी के विरोध में सभी कर्मचारी एकजुट होकर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद कर रहे हैं। क्या हैं कर्मचारियों की मुख्य मांगें? • प्रतिदिन 8 घंटे की ड्यूटी तय की जाए • दैनिक वेतन 783 रुपये किया जाए • महीने में 26 दिन काम के बाद ओवरटाइम (OT) का भुगतान डबल रेट से मिले • हर महीने की 7 तारीख तक वेतन का भुगतान सुनिश्चित किया जाए • पीएफ (PF) हर महीने जमा किया जाए (वर्तमान में 3 महीने पर जमा हो रहा है) प्रदर्शन कर रहे मजदूरों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सुनवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रबंधन की चुप्पी, प्रशासन सतर्क फिलहाल फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की समस्या न उत्पन्न हो। फिलहाल फैक्ट्री परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।