यमुनानगर में ठंड ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। आज सुबह जिले का न्यूनतम तापमान गिरकर 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया। घने कोहरे और शीत लहर के चलते सुबह के समय दृश्यता काफी कम रही, जिससे सड़कों पर वाहनों को धीमी गति से चलना पड़ा। राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी वाहन रेंगते नजर आए। कड़ाके की ठंड का सबसे ज्यादा असर बुजुर्गों, बच्चों और श्रमिकों पर देखा जा रहा है। लोग अलाव जलाकर ठंड से बचाव कर रहे हैं।