अस्पताल व होटलों में अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी पड़ी भारी, कार्रवाई की चेतावनी
73 अस्पतालों व 85 होटलों का हुआ ऑडिट, कमियां मिलने पर सात दिन का अल्टीमेटम
दिल्ली के होटल और मुजफ्फपुर के अस्पताल में लगी आग के बाद बिहार सरकार की नींद खुली है। सोमवार को गया में अग्निशमन विभाग के महानिदेशक सह राज्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर जिले भर में अस्पतालों एवं होटलों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ऑडिट अभियान चलाया जा रहा है। जिला अग्निशमन पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीमों ने अब तक जिले के 73 अस्पतालों और 85 होटलों की जांच की है।
जांच के दौरान कई संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों में कमियां पायी गईं। ऐसे संस्थानों को आवश्यक सुधार एवं मानकों के अनुपालन के लिए सात दिनों का समय दिया गया है। निर्धारित अवधि में सुधार नहीं करने वाले अस्पतालों और होटलों के विरुद्ध कार्रवाई की अनुशंसा मुख्यालय को भेजी जाएगी।
जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने बताया कि सिविल सर्जन कार्यालय से जिले के 190 अस्पतालों की सूची प्राप्त हुई है, जिसके आधार पर ऑडिट अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार को पांच अस्पतालों और चार होटलों की जांच की गई। इनमें से कई संस्थान निर्धारित अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि सात दिनों के भीतर कमियों को दूर नहीं किया गया तो संबंधित संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अग्निशमन विभाग का यह अभियान जिले में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से लगातार जारी रहेगा।
Fatehpur, Gaya | Jun 8, 2026