फिरोजाबाद जिलाधिकारी की अध्यक्षता में खाद्य सुरक्षा और जनस्वास्थ्य व्यवस्थाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा सलाहकार एवं सतर्कता समिति की कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में संपन्न हुई। जिसमें, जिलाधिकारी ने मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर प्रसाद व पूजा सामग्री के वितरण में प्लास्टिक पॉलिथीन के उपयोग पर गहरी चिंता व्यक्त की और धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता, पर्यावरण सुरक्षा और दवाइयों की बिक्री में पारदर्शिता को लेकर कड़े निर्देश जारी किए गए। साथ ही उन्होंने, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रमुख मंदिरों में जागरूकता अभियान चलाएं और जनसामान्य को कपड़े, कागज या अन्य पर्यावरण-अनुकूल (इको फ्रेंडली) विकल्पों को अपनाने के लिए प्रेरित करें।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि, "दैनिक उपयोग के बाद फेंकी जाने वाली पॉलिथीन को कई बार अस्वच्छ परिस्थितियों में रीसायकल (पुनर्चक्रित) किया जाता है, जो स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए घातक है। इसलिए धार्मिक स्थलों पर इसके उपयोग को पूरी तरह हतोत्साहित किया जाए।"
सहायक आयुक्त (खाद्य)-2, चन्दन पाण्डेय ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट पेश करते हुए खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों, जैसे हाइजीन रेटिंग, री-यूज्ड कुकिंग ऑयल (RUCO), ईट राइट स्कूल, ईट राइट स्टेशन, ईट राइट कैंपस तथा FoSTaC प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
जिलाधिकारी ने इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए सभी संबंधित विभागों को मिलकर काम करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान व्यापार मंडल के प्रतिनिधि वी.एस. गुप्ता ने औषधि विक्रेताओं द्वारा एक्सपायरी (समयपार) दवाइयां बेचे जाने और ग्राहकों को पक्का बिल न देने का गंभीर मुद्दा उठाया।
इस पर तुरंत कड़ा रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने औषधि निरीक्षक को सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही आदेश दिया कि फूड और ड्रग अनुभाग संयुक्त रूप से टीम बनाकर जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी (CDO), अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और खाद्य सुरक्षा सलाहकार समिति के नामित सदस्यों और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ डॉ. अनिल यादव, डॉ. सूरज, रमेश चन्द्र, डॉ. मनोज कुमार, संदीप कुमार, उमेश कुमार, विनोद वर्मा, अरुण कुमार, राहुल शर्मा, जितेन्द्र कुमार, अंकुश शर्मा तथा आयुष वेद शाक्य सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।