मुख्य सचिव की अध्यक्षता में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर वर्चुअल बैठक संपन्न
सलूंबर, 08 जून। मुख्य सचिव वी श्रीनिवास की अध्यक्षता में आज 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर वर्चुअल समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के सभी जिलों से संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया और तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में सलूंबर जिले से जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी., अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सपेला, मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश चंद्र पाटीदार, आयुष विभाग से डॉ. जितेन्द्र जोशी सहित संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन “Yoga for Healthy Ageing” थीम पर किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि 21 जून को प्रातः 6 बजे से सभी जिलों में योग दिवस कार्यक्रमों का विधिवत शुभारंभ सुनिश्चित किया जाए तथा समय पर सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने सभी जिलों से आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी भी प्राप्त की।
जिला कलेक्टर श्री मुहम्मद जुनैद पी.पी. ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि योग दिवस कार्यक्रम की व्यापक एवं प्रभावी तैयारियाँ सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर पार्किंग, पेयजल, बैठने की व्यवस्था सहित सभी मूलभूत आवश्यकताओं को समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में आगामी NEET UG परीक्षा की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक खबरों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने के भी निर्देश प्रदान किए गए।
अंत में अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों एवं व्यवस्थाओं को समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।