फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, एक सप्ताह में लक्ष्य पूर्ण करें : एसडीएम महेश मंडलोई
राजस्व प्रकरणों, सीएम हेल्पलाइन एवं मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राणापुर श्री महेश मंडलोई ने मंगलवार को तहसील कार्यालय राणापुर में पटवारियों की समीक्षा बैठक आयोजित कर शासन की विभिन्न प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं राजस्व कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में विशेष रूप से फार्मर रजिस्ट्री, राजस्व प्रकरणों के निराकरण, सीएम हेल्पलाइन शिकायतों तथा आगामी मानसून को देखते हुए आपदा प्रबंधन तैयारियों पर चर्चा की गई।
बैठक में फार्मर रजिस्ट्री कार्य की समीक्षा के दौरान पाया गया कि राणापुर तहसील में अब तक 35.20 प्रतिशत किसानों की ही फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण हो सकी है। इस पर असंतोष व्यक्त करते हुए एसडीएम श्री मंडलोई ने सभी पटवारियों को निर्देशित किया कि वे आगामी एक सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने हेतु विशेष अभियान चलाएं। उन्होंने कहा कि सभी पटवारी अपने-अपने हल्कों में पहुंचकर विशेष शिविर आयोजित करें तथा किसानों की फार्मर रजिस्ट्री का कार्य प्राथमिकता से पूर्ण करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की इस महत्वपूर्ण योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन सहित विभिन्न राजस्व प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। एसडीएम ने लंबित प्रकरणों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए उन्होंने 50 दिवस से अधिक अवधि से लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण शीघ्र करने के निर्देश दिए।
आगामी मानसून को दृष्टिगत रखते हुए एसडीएम श्री मंडलोई ने तहसील स्तर पर आपदा प्रबंधन तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि पिछले वर्षों में जलभराव, अतिवृष्टि अथवा बाढ़ जैसी स्थिति से प्रभावित क्षेत्रों का चिन्हांकन कर आवश्यक कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में तहसीलदार श्री हुकुमसिंह निंगवाल सहित राणापुर तहसील के सभी पटवारी एवं संबंधित राजस्व कर्मचारी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department Of Revenue, Madhya Pradesh #jhabua #JansamparkMP
2 views | Jhabua, Madhya Pradesh | Jun 9, 2026