पंचायत सरकार भवन के एक ही छत के नीचे जनता के सभी कार्य होगी अब संपन्न : अजीत कुमार
विधायक अजीत कुमार ने मणि फूलकाहां में बने पंचायत सरकार भवन में कार्य का किया शुभारंभ एवं दामोदरपुर में भवन का किया शिलान्यास
राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि पंचायत सरकार भवन में संबंधित क्षेत्र के जनता की सभी तरह के कार्य एक ही छत के नीचे संपन्न हो। लोगों को प्रखंड मुख्यालय का चक्कर बेवजह नहीं लगाना पड़े, इसी उद्देश्य से राज्य सरकार पंचायत सरकार भवन का निर्माण कराकर जनता को समर्पित कर रही है। उक्त बातें मंगलवार को कांटी क्षेत्र के मणिफुलकाहा पंचायत के रानी पोखर स्थित बने नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन कार्य का शुभारंभ करते हुए स्थानीय विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने कहा। इस मौके पर श्री कुमार ने पंचायत सरकार भवन जनता को समर्पित किया। क्षेत्रीय विधायक अजीत कुमार ने कहा कि कांटी विधानसभा क्षेत्र के कई पंचायत में पंचायत सरकार भवन का निर्माण हुआ है , उक्त पंचायत भवन में जनता का कार्य तेजी से हो इसके लिए समारोह पूर्वक कार्य का शुरूआत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संबंधित पंचायत के जनता के हर सरकारी कार्य को पंचायत सरकार भवन में ही सरकारी कर्मी बैठकर निष्पादन करेंगे एवं उन्होंने सख्त लहजों में कहा कि जो कर्मी पंचायत सरकार भवन में नहीं बैठेंगे तो उनके विरुद्ध कार्रवाई भी होगी। वहीं, उन्होंने कहा कि जिस पंचायत में पंचायत सरकार भवन नहीं बना है , मैं उन पंचायत में प्राथमिकता के आधार पर पंचायत सरकार भवन बने इसके लिए प्रयास कर रहा हूं । इससे पूर्व उन्होंने दामोदरपुर पंचायत सरकार भवन का भी शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने उपस्थित लोगों से पंचायत सरकार भवन का कार्य गुणवत्ता पूर्ण हो इसके लिए नजर बनाए रखने का भी अपील किया। श्री कुमार के शिलान्यास स्थल पर पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने भव्य तरीके से स्वागत किया।