जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने पेटलावद एवं रायपुरिया स्वास्थ्य केंद्रों का किया निरीक्षण
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) के विशेष शिविर के अंतर्गत जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेन्द्र भायल द्वारा सिविल अस्पताल पेटलावद एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रायपुरिया का निरीक्षण किया गया।
सिविल अस्पताल पेटलावद में निरीक्षण के दौरान बताया गया कि माह मई 2026 में संस्था पर 357 प्रसव एवं 28 IUCD सेवाएं प्रदान की गईं। PMSMA विशेष शिविर के दौरान 98 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई तथा निरीक्षण दिवस पर संस्था की ओपीडी 170 रही। डॉ. भायल द्वारा गर्भवती महिलाओं को प्रदान की जा रही एएनसी सेवाओं, उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं की पहचान एवं फॉलोअप व्यवस्था का अवलोकन किया गया तथा गुणवत्तापूर्ण मातृ स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके पश्चात प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रायपुरिया का निरीक्षण किया गया, जहां माह मई 2026 में 36 प्रसव एवं 1 PPIUCD सेवा प्रदान की गई। PMSMA शिविर में 28 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई तथा संस्था की ओपीडी 50 रही। संस्था के स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सभी गर्भवती महिलाओं का समयबद्ध पंजीयन, नियमित जांच एवं आवश्यकतानुसार रेफरल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान दोनों संस्थाओं के लेबर रूम का विस्तृत निरीक्षण किया गया। दोनों संस्थाओं के लेबर रूम साफ-सुथरे एवं व्यवस्थित पाए गए। प्रसव सेवाओं हेतु उपलब्ध सभी आवश्यक उपकरण क्रियाशील स्थिति में पाए गए तथा संबंधित रजिस्टरों में प्रविष्टियां अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रूप से दर्ज पाई गईं।
इसके अतिरिक्त दोनों स्वास्थ्य संस्थाओं में पेयजल की समुचित व्यवस्था, परिसर एवं वार्डों में संतोषजनक साफ-सफाई तथा मरीजों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध पाई गईं। एएनसी क्लिनिक, प्रयोगशाला सेवाओं, औषधियों की उपलब्धता, MCP कार्ड वितरण तथा e-PMSMA एवं ANMOL पोर्टल पर रिपोर्टिंग व्यवस्था का भी अवलोकन किया गया।
डॉ. भायल द्वारा निर्देश दिए गए कि उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान एवं नियमित फॉलोअप सुनिश्चित किया जाए, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा दिया जाए, परिवार नियोजन सेवाओं का विस्तार किया जाए तथा सभी पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाने की कार्यवाही निरंतर जारी रखी जाए। गर्भवती महिलाओं को संतुलित आहार, आयरन एवं कैल्शियम सेवन, प्रसव पूर्व एवं प्रसवोत्तर देखभाल तथा संस्थागत प्रसव के महत्व के संबंध में परामर्श भी प्रदान किया गया।
निरीक्षण के दौरान अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Directorate of Health Services, Madhya Pradesh #jhabua #JansamparkMP
1 views | Jhabua, Madhya Pradesh | Jun 9, 2026