➡️ अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट ने #जनसुनवाई में सुनीं नागरिकों की समस्याएं
➡️ जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण करने के दिए निर्देश
अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रातः 11 बजे से आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं ध्यान पूर्वक सुनीं। जनसुनवाई के दौरान राजस्व, भूमि विवाद, पेंशन, आवास, बिजली, पानी सहित अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुई। इस दौरान उन्होंने कई प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर मौके पर ही निराकरण कराया, वहीं शेष मामलों में समय-सीमा तय करते हुए अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
इस दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती जाट ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जनसुनवाई में दोबारा न आना पड़े। इस दौरान संयुक्त कलेक्टर श्री मकसूद अहमद, एसडीएम डॉ अभिजित सिंह ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनी। इस अवसर पर सभी विभागीय अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
➡️ संबल योजना का लाभ दिलाने की गुहार
जनसुनवाई में बैतूल के काजी जामठी निवासी सुशील परते ने संबल योजना के तहत लाभ नहीं मिलने की शिकायत की जिस पर अपर कलेक्टर ने श्रम विभाग के अधिकारी को जांच कर आवेदक की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। आमला तहसील के ग्राम मोरखा निवासी सतीश बिन्झाड़े ने आवास बनाने के लिए ग्राम पंचायत के माध्यम से भूमि उपलब्ध कराने के लिए आवेदन दिया। प्राप्त आवेदन पर अपर कलेक्टर ने जनपद पंचायत आमला के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आवेदक की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए।
➡️ अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए निर्देश
भैंसदेही तहसील निवासी ओझा धुर्वे ने भूमि पर हुए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए आवेदन दिया। जिस पर अपर कलेक्टर ने भैंसदेही तहसीलदार को अवैध कब्जा पाए जाने पर हटाने के निर्देश दिए। आठनेर तहसील के ग्राम खापा निवासी वासुदेव खाकरे द्वारा भूमि की मेड़ तोड़े जाने की शिकायत पर अपर कलेक्टर ने आठनेर तहसीलदार को जांच कर प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए। इसी प्रकार बैतूल के बडोरा निवासी निर्मला मानेकर ने कब्जा की भूमि मुक्त कराने के लिए आवेदन दिया। प्राप्त आवेदन पर अपर कलेक्टर ने मुलताई एसडीएम को शीघ्र आवेदक की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#बैतूल
#betul
Betul, Madhya Pradesh | Jun 9, 2026