जिला कार्यक्रम अधिकारी ने किया टीकाकरण एवं वीएचएसएनडी गतिविधियों का निरीक्षण
महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती शालिनी तिवारी ने मंगलवार को विकासखंड बीजाडांडी अंतर्गत आयोजित टीकाकरण एवं स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान समनापुर पंचायत के आंगनवाड़ी केंद्र समनापुर तथा टिकरिया पंचायत के आंगनवाड़ी केंद्र टिकरिया एवं मझगांव में आयोजित ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस कार्यक्रम का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिन्हित गर्भवती महिलाओं का एएनसी (प्रसव पूर्व जांच) परीक्षण किया गया। साथ ही सभी गर्भवती महिलाओं का वजन एवं हीमोग्लोबिन परीक्षण कर आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया गया। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं को आयरन एवं फोलिक एसिड की गोलियों का वितरण भी किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती तिवारी ने उपस्थित गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं किशोरी बालिकाओं को संतुलित आहार, स्वच्छता एवं पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से कुपोषण की रोकथाम एवं स्वास्थ्य संवर्धन के लिए मुनगा (सहजन) की पत्तियों के पाउडर के उपयोग के लाभों के बारे में विस्तार से बताया।
निरीक्षण के दौरान टिकरिया केंद्र में एक गंभीर रूप से कुपोषित बच्चे की पहचान होने पर उसकी माता को बच्चे को शीघ्र ही पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराने की सलाह दी गई, ताकि बच्चे को आवश्यक चिकित्सकीय एवं पोषण संबंधी देखभाल मिल सके।
श्रीमती तिवारी ने आंगनवाड़ी केंद्रों में हितग्राहियों को वितरित किए जा रहे रेडी-टू-ईट पोषण आहार का भी सत्यापन किया तथा वितरण व्यवस्था एवं अभिलेखों की जाँच कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्वास्थ्य अमले को नियमित रूप से स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने तथा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुँचाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीडीपीओ बीजाडांडी सुश्री मनीषा तिवारी सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं सुपरवाईजर उपस्थित थे।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
Department Of Women Child Development, Madhya Pradesh
Mandla, Madhya Pradesh | Jun 9, 2026