बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग में आम अभ्यर्थियों से अधिनायक लिपिक के पद पर नियुक्ति हेतु लिखित प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन 10 जून को मुजफ्फरपुर जिले के 24 परीक्षा केद्रों पर एक पाली में आयोजित की जाएगी।
परीक्षा 10:00 बजे पूर्वाह्न से 12:00 बजे मध्याह्न तक होगी जिसके लिए अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग टाइम 8:30 बजे पूर्वाह्न है।
इस परीक्षा में कुल 14808 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
स्वच्छ, शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त परीक्षा के संचालन हेतु जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की तैनाती की गई है। इस परीक्षा में 24 स्टैटिक दंडाधिकारी 13 जोनल दंडाधिकारी तथा 5 उड़नदस्ता सहित पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है। सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी की ब्रीफिंग समाहरणालय सभागार में की गई तथा उन्हें परीक्षा संबंधी सभी दिशा निर्देश से अवगत कराया गया। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को अपनी अपनी ड्यूटी पर समय से उपस्थित होने तथा कराचार मुक्त परीक्षा संचालित करने का निर्देश दिया। परीक्षार्थी को किसी भी परिस्थिति में परीक्षा केंद्र अथवा परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन अथवा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसके बावजूद यदि परीक्षा हॉल अथवा कक्षा में कोई अभ्यर्थी मोबाइल फोन इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ पकड़े जाते हैं तो उसे लिखित परीक्षा से वंचित कर दिया जाएगा। मोबाइल फोन अथवा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को परीक्षा हॉल अथवा परीक्षा कक्ष में ले जाना कदाचार की श्रेणी में रखा जाएगा।
आयोग के दिशा निर्देश के अनुरूप पर परीक्षा केंद्र पर जैमर, सीसीटीवी, बायोमेट्रिक प्रणाली, वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी आदि की व्यवस्था की गई है। साथ ही कड़ाई से फ्रिस्किंग करने का निर्देश दिया गया है। नियंत्रण कक्ष से परीक्षा की सतत एवं प्रभावी मॉनिटरिंग की जाएगी।