मुख्यमंत्री युवा प्रोत्साहन योजना के लंबित ऋण आवेदनों का 15 दिन में करें निस्तारण – जिला कलक्टर
-जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक हुई सम्पन्न
बूंदी, 8 जून। जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक सोमवार को जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जिला कलक्टर ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत लंबित ऋण आवेदनों के संबंध में अधिकारियों को इन्हें वरीयता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से मुख्यमंत्री युवा प्रोत्साहन योजना में लंबित मामलों पर गहरी नाराजगी जताई और अधिकारियों को अगले 15 दिन में विशेष प्रयास कर अधिकाधिक पात्र लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ा रहे युवा उद्यमियों को नए उद्योग स्थापित करने के लिए विभागीय नियमानुसार प्राथमिकता से ऋण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने गणेशपुरा भील में पायलट प्रोजेक्ट के तहत सभी योजनाओं में पात्र लोगों को ऋण उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए। बैठक में पीएम किसान निधि के लाभार्थियों को 'घर-घर केसीसी व खेत बचाओ अभियान' के तहत किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) बांटने और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत जिलेभर में लंबित ऋण आवेदनों को शीघ्र निपटाने पर जोर दिया गया। जिला कलक्टर ने कहा कि कृषि क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं में कृषक कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नाबार्ड के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जाए।
शत-प्रतिशत हो आधार सीडिंग, डीबीटी से मिले लाभ
मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना तथा प्रधानमंत्री जनधन योजना की समीक्षा करते हुए कलक्टर ने निर्देश दिए कि जनधन के तहत खुले सभी खातों के धारकों का दुर्घटना बीमा अनिवार्य रूप से करवाया जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आधार सीडिंग का कार्य शत-प्रतिशत पूरा किया जाएं ताकि सभी लाभार्थियों को योजनाओं का पैसा सीधे उनके बैंक खाते में मिल सके।
आरवीटीआर में पर्यटन की बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए कलक्टर ने आर-सेटी (RSETI) को निर्देश दिए कि वह बाजार में नई व्यावसायिक गतिविधियों की मांग के अनुसार युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराए। इस अवसर पर जिला कलक्टर द्वारा जिले की 'वार्षिक साख योजना' का विमोचन भी किया गया।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर रामकिशोर मीणा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि वर्मा, अग्रणी जिला प्रबंधक गोपाल शेखर झा, नाबार्ड के प्रतिनिधि मोहित कुमार और आरबीआई के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहें।