महंगाई-बेरोजगारी पर मदनपुर में RJD का हल्लाबोल, BDO के माध्यम से राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
औरंगाबाद: बिहार प्रदेश राजद के आह्वान पर मंगलवार को औरंगाबाद जिला के मदनपुर प्रखंड मुख्यालय परिसर में राष्ट्रीय जनता दल द्वारा एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रखंड अध्यक्ष सरोज कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुआ यह धरना सुबह 11 बजे से शुरू होकर शाम 3 बजे तक चला। धरने में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार समेत जनहित के 8 मुद्दों को लेकर आवाज उठाई गई।
धरना में सैकड़ों की संख्या में राजद कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने "सम्राट चौधरी होश में आओ", "तानाशाही रवैया बंद करो", "देश में महंगाई रोकनी होगी", "बेरोजगारों को रोजगार देना होगा", "सरकारी कार्यालय से भ्रष्टाचार मिटाना होगा", "गरीबों के साथ शोषण करना बंद करो", "शिक्षा व्यवस्था में सुधार करना होगा" और "जो सरकार महंगाई न रोके वह सरकार निकम्मी है" जैसे नारे लगाए। वक्ताओं ने विभिन्न जनसमस्याओं, महंगाई, बेरोजगारी तथा विकास से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए सरकार की नीतियों की आलोचना की। नेताओं ने कहा कि आम जनता से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
धरना समाप्त होने के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी, मदनपुर के माध्यम से महामहिम राज्यपाल, बिहार को स्मार-पत्र प्रेषित किया गया। स्मार-पत्र में देश में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी पर तत्काल रोक लगाने, सरकारी कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने, बदहाल शिक्षा व्यवस्था में सुधार लाने, कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने, वृद्धा, विकलांग एवं विधवा पेंशन का ससमय भुगतान करने, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा औरंगाबाद जिले के किसानों के खेतों तक सिंचाई की व्यवस्था करने संबंधी 8 सूत्री मांगों का उल्लेख किया गया है।
धरना में मौजूद जिला पार्षद शंकर यादवेन्दु ने कहा कि वर्तमान समय में पूरे बिहार में हत्या, लूट, दुष्कर्म, फिरौती जैसी घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपराधियों पर अंकुश लगाने में विफल है और भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने कहा कि इन तमाम मुद्दों को लेकर आज राजव्यापी धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। यदि शीघ्र ही इन पर रोक नहीं लगाई गई तो और भी व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
प्रखंड अध्यक्ष सरोज कुमार ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस मौके पर रफिगंज विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी गुलाब शाहिद, राजद नेता महफूज आलम, जिला पार्षद शंकर यादवेन्दु, पूर्व पैक्स अध्यक्ष प्रतिनिधि सह राजद नेता रंजीत यादव, राजू सिद्धि यादव, रामेश्वर कुमार रौशन,सर्वोत्तम कुमार सोनू,अवधेश यादव, रमीज राजा,जसपाल यादव,विकास कुमार यादव,संतोष कुमार, समेत दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
#Madanpur #Aurangabad #RJD #Dharna #BiharNews #SarojKumar #shankaryadvendu