जिला कलक्टर ने की योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा
मैं नहीं, हम परिवार सहित' की थीम पर हो आयोजन
बूंदी, 8 जून। आगामी 21 जून को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर सोमवार को जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव ने तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योग शरीर को स्वस्थ बनाने का सबसे सशक्त माध्यम है, इसलिए जिले में इस आयोजन को भव्य रूप दिया जाए। उन्होंने कहा कि योग दिवस में आमजन की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित हो।
बैठक में जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि पूरे परिवार को योग से जोड़ने के लिए 'मैं नहीं हम परिवार सहित' टैग लाइन के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया जाए। कार्यक्रम में आमजन को आमंत्रित करने के लिए भारतीय परंपरा के अनुसार 'पीले चावल' बांटे जाएं।
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करते समय प्राप्त अच्छे सुझावों को भी शामिल किया जाए। आमजन को योग के शारीरिक और मानसिक लाभों के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बड़े आयोजन को पूरी तरह सफल बनाने के लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं का आपसी सहयोग लिया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 'आयुष्मान आरोग्य मंदिरों' पर आयोजित होने वाले योग शिविरों से ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ा जाए। यहां आमजन को न केवल योग के प्रति जागरूक किया जाएगा, बल्कि उन्हें नियमित तौर पर योगाभ्यास भी करवाया जाएगा।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर रामकिशोर मीणा, एसीएम बनवारी बैरवा, आयुर्वेद विभाग की उपनिदेशक डॉ. मालती पारीक, आयुर्वेदिक चिकित्सालय के पीएमओ सुनील कुशवाह एवं विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहें।