*इंजुरी रिपोर्ट के नाम पर पैसे लेने का वीडियो वायरल, सीएचसी के डॉक्टर पर घूस मांगने का आरोप*
गया जिले के इमामगंज प्रखंड मुख्यालय स्थित सीएचसी में पदस्थापित डॉ गुलजार अहमद का मारपीट के एक मामले में इंजुरी रिपोर्ट बनाने के नाम पर पैसे के लेन-देन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि आरोपित चिकित्सक का कहना है कि उन्होंने पीड़ित पक्ष को पैसे वापस कर दिए है. डॉक्टर के इस बयान से यह भी संकेत मिलता है कि इंजुरी रिपोर्ट से संबंधित मामले में उनसे पैसे लिए गए थे. हालांकि की वीडियो की पुष्टि प्रभात खबर डिजिटल नहीं करती है. इस संबंध में हम (सेक्युलर) के प्रखंड अध्यक्ष रामप्रीत भारती तथा घायल पक्ष की परिजन रेखा देवी ने बताया कि छोटका करासन गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई थी. घटना में घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों द्वारा मगध मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था. आरोप है कि इसी मामले में इंजुरी रिपोर्ट बनाने के लिए डॉ गुलजार अहमद ने पीड़ित परिवार से पैसे की मांग की. आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण परिजनों ने पहले 500 रूपये दिए. लेकिन डॉक्टर द्वारा अधिक राशि की मांग की जा रही थी. इसकी शिकायत पीड़ित परिवार ने हम प्रखंड अध्यक्ष रामप्रीत भारती से की. रामप्रीत भारती ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद वह मरीज के परिजनों के साथ अस्पताल पहुंचे और वीडियो रिकॉर्डिंग के दौरान पीड़ित ने डॉक्टर को एक जहर रूपये और दिए. इस प्रकार कुल पंद्रह सौ रूपये दिए गए. उन्होंने आरोप लगाया कि पैसे देने के बाद जब उन्होंने आशंका जताई कि कहीं भुगतान के बावजूद काम न हो तो डॉक्टर ने अपशब्दों का प्रयोग करते हुए कहा कि वे लोग ऐसा नहीं करते है. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित चिकित्सक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.
क्या बोले डॉ गुलजार अहमद
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर जब पत्रकारों ने डॉ गुलजार अहमद से उनका पक्ष जानना चाहा तो उन्होंने बताया कि मारपीट के एक मामले में पैसे लिए गए थे. लेकिन थाना से रिपोर्ट आने के बाद ही इंजुरी रिपोर्ट देने की बात कहते हुए उन्होंने वह राशि वापस कर दी थी.
#CMBihar.
#DMGaya.
#HealthMinisterBihar.
Fatehpur, Gaya | Jun 8, 2026