◆◆ *शहरी नदी प्रबंधन योजना (Urban River Management Plan) के प्रारूप को अंतिम रूप देने हेतु बहु-हितधारकों की बैठक आयोजित*
छपरा, 09 जून 2026
◆ जिलाधिकारी सारण श्री वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आज शहरी नदी प्रबंधन योजना (Urban River Management Plan-URMP) के प्रारूप को अंतिम रूप देने हेतु एक महत्वपूर्ण बहु-हितधारक बैठक आयोजित की गई। ◆ बैठक में सारण के सांसद श्री राजीव प्रताप रूडी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े, जबकि महापौर छपरा नगर निगम, नगर आयुक्त, जिले के विभिन्न नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी, नगर निगम के पदाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
◆ यह महत्वाकांक्षी परियोजना भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (National Mission for Clean Ganga-NMCG) द्वारा संचालित की जा रही है।
◆ परियोजना के प्रथम चरण में बिहार के गंगा बेसिन क्षेत्र के छह शहरों का चयन किया गया है, जिनमें छपरा भी शामिल है।
◆ योजना के तकनीकी एवं संस्थागत क्रियान्वयन हेतु राष्ट्रीय शहरी कार्य संस्थान (National Institute of Urban Affairs-NIUA) को दायित्व सौंपा गया है। एनआईयूए द्वारा विस्तृत योजना निर्माण के लिए विशेषज्ञ परामर्शी संस्थाओं की सेवाएं ली गई हैं, जो छपरा नगर क्षेत्र के लिए समग्र शहरी नदी प्रबंधन योजना तैयार कर रही हैं।
◆ बैठक में प्रस्तावित योजना के विभिन्न घटकों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इनमें नदी तट (Riverfront) का सुनियोजित विकास, विभिन्न गतिविधियों के लिए क्षेत्र निर्धारण (Zonation), सौंदर्यपरक बाढ़ सुरक्षा दीवार (Aesthetic Flood Wall) का निर्माण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ करना, विकेन्द्रीकृत गीले कचरे के प्रबंधन की व्यवस्था विकसित करना तथा फीकल स्लज (Faecal Sludge) के वैज्ञानिक निस्तारण एवं प्रसंस्करण हेतु उपयुक्त संरचनाओं की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।
◆ बैठक में यह भी विशेष रूप से रेखांकित किया गया कि नदियों के संरक्षण एवं स्वच्छता के लिए केवल आधारभूत संरचनाओं का विकास पर्याप्त नहीं है, बल्कि नागरिकों के व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन भी अत्यंत आवश्यक है। इस उद्देश्य से जन-जागरूकता एवं नागरिक सहभागिता को योजना का महत्वपूर्ण अंग बनाया गया है, ताकि लोगों में नदियों के प्रति जिम्मेदार व्यवहार एवं संरक्षण की भावना विकसित हो सके।
◆ सारण के सांसद श्री राजीव प्रताप रूडी ने ऑनलाइन माध्यम से बैठक में भाग लेते हुए छपरा शहर एवं इसकी नदी तटीय परिस्थितियों से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने नदी संरक्षण, शहरी विकास तथा स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप योजना निर्माण पर बल दिया तथा भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए व्यापक एवं व्यवहारिक दृष्टिकोण अपनाने का सुझाव दिया।
◆ जिलाधिकारी श्री वैभव श्रीवास्तव ने परामर्शी संस्थाओं को निर्देश दिया कि योजना में छपरा नगर क्षेत्र के प्रस्तावित विस्तार (Planning Area Expansion) को समुचित रूप से शामिल किया जाए। साथ ही, भविष्य में प्रस्तावित विभिन्न विकास परियोजनाओं, विशेषकर इंटर लिंकिंग ऑफ रिवर्स से संबंधित संभावित योजनाओं को भी ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक दृष्टिकोण के साथ योजना तैयार की जाए, ताकि आने वाले वर्षों में भी यह योजना प्रासंगिक एवं प्रभावी बनी रहे।
◆ बैठक के दौरान प्राप्त सुझावों एवं तकनीकी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा संबंधित एजेंसियों को आवश्यक संशोधन एवं परिशोधन करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी हितधारकों के सुझावों, स्थानीय आवश्यकताओं एवं तकनीकी मानकों को समाहित करते हुए छपरा शहरी नदी प्रबंधन योजना को अंतिम स्वरूप प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतिम रूप लेने के पश्चात इसे आगे की स्वीकृति एवं क्रियान्वयन की प्रक्रिया हेतु कार्रवाई की जायेगी जिससे भविष्य में छपरा शहर में नदी संरक्षण, पर्यावरणीय सुधार, स्वच्छता प्रबंधन तथा सतत शहरी विकास को नई दिशा मिल सकेगी।
◆ यह योजना न केवल नदी तटों के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, बल्कि छपरा शहर को पर्यावरणीय रूप से अधिक सुदृढ़, स्वच्छ एवं नागरिकों के लिए अनुकूल बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगी।
#urbanrivermanagementplan
#NMCG
#masterplan
#chapra
#saran
#meeting
#DM
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Saharsa, Bihar | Jun 9, 2026