10 प्रतिशत ब्याज लगाकर 2 लाख के बदले 7 लाख रुपये मांगने का आरोप, महिला ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
छतरपुर। शहर के गौतम नगर सौंरा रोड निवासी लक्ष्मी लटौरिया ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपकर नगीना खां, उसके जीजा निसार खां और जुल्फी खां पर अवैध ब्याज वसूली, धमकी और मकान पर कब्जा करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायत के अनुसार लक्ष्मी लटौरिया ने अपने पुत्र की शादी के लिए विभिन्न तिथियों में करीब 2 लाख रुपये उधार लिए थे, जिसके बदले उन्होंने अपने चांदी के गहने गिरवी रखे थे। पीड़िता का कहना है कि वह 80 हजार रुपये वापस भी चुका चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद आरोपित पक्ष 10 प्रतिशत मासिक ब्याज की मांग कर रहा है।
लक्ष्मी का आरोप है कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उन्होंने बकाया राशि किस्तों में चुकाने की बात कही थी, लेकिन अब उनसे लगभग 7 लाख रुपये की मांग की जा रही है। इतना अधिक पैसा देने में असमर्थता जताने पर उन्हें और उनके परिवार को लगातार धमकाया जा रहा है।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि नगीना खां और उसके सहयोगियों ने उनके किरायेदारों को डराकर मकान खाली करा दिया तथा मकान में ताला लगाकर कब्जा कर लिया है। इसके अलावा उनकी बेटी और उसके ससुराल पक्ष को भी धमकियां दी जा रही हैं। शिकायत में बेटी को अगवा कराने और गंभीर अपराध करवाने जैसी धमकियों का भी उल्लेख किया गया है।
महिला का कहना है कि उन्होंने मामले की शिकायत थाना कोतवाली में भी की थी, लेकिन उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक से हस्तक्षेप कर कार्रवाई करने, मकान का कब्जा वापस दिलाने, गिरवी रखे गहने लौटवाने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पीड़िता का कहना है कि यदि उनके गहने वापस दिला दिए जाएं और मकान का कब्जा मिल जाए तो वह शेष बकाया राशि चुकाने के लिए तैयार हैं।
फिलहाल मामले में पुलिस जांच और प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।ध्यान दें: समाचार में लगाए गए सभी आरोप शिकायतकर्ता के कथन पर आधारित हैं। पुलिस जांच के बाद ही तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।