उत्तराखंड के पौड़ी जनपद से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। देवार क्षेत्र के वाड़ी गांव में गुलदार के हमले में 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला अपने घर के पास पशुओं के लिए घास लेने गई थी, तभी पहले से घात लगाए बैठे गुलदार ने उस पर अचानक हमला कर दिया।
हमले के बाद गुलदार महिला को घसीटते हुए पास के एक खंडहरनुमा मकान में ले गया। ग्रामीणों ने शोर मचाया तो गुलदार मौके से भाग निकला। इसके बाद जब ग्रामीण वहां पहुंचे तो महिला का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को जल्द पकड़ने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
Dehradun, Dehradun | Jun 9, 2026