ग्रेनेडियर्स रेजिमेंटल सेंटर द्वारा पूर्व सैनिक संपर्क कार्यक्रम आयोजित
============================================================
ग्रेनेडियर्स रेजिमेंटल सेंटर (जी.आर.सी.) द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए संचालित आउटरीच कार्यक्रम के अंतर्गत पूर्व सैनिकों, वीर नारियों/विधवाओं एवं उनके आश्रितों के लिए आज जिला सैनिक कल्याण कार्यालय छिंदवाड़ा में संपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में कर्नल कंचन सिकंदर के निर्देशन में जी.आर.सी. के दो प्रतिनिधि हवलदार श्री मारुती चौहान एवं लांस नाइक श्री शमशेर अली उपस्थित थे। कार्यक्रम जिला सैनिक कल्याण अधिकारी श्री देवेन्द्र सिंह तोमर की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर पूर्व सैनिकों, वीर नारियों/विधवाओं एवं उनके आश्रितों ने स्पर्श, पेंशन, सेवा संबंधी तथा अन्य विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों से अधिकारियों को अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान प्राप्त सभी समस्याओं एवं शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना गया तथा उनका विधिवत अभिलेखीकरण किया गया। उपस्थित अधिकारियों द्वारा हितग्राहियों को आश्वस्त किया गया कि प्राप्त प्रकरणों को संबंधित एवं सक्षम स्तर पर उठाकर उनके निराकरण के लिये आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीर नारियां/विधवाएं एवं उनके आश्रित उपस्थित थे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे सैनिक समुदाय की समस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास बताया।