देवास। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने लूट की एक सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए दो विधि-विरुद्ध बालकों सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने यात्री प्रतीक्षालय में बैठे युवक पर बियर की कांच की बोतल से हमला कर उसकी मोटरसाइकिल लूट ली थी। पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
जानकारी के अनुसार, फरियादी अनिल प्रजापति निवासी मांगलिया, इंदौर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 3 जून की रात वह उज्जैन बायपास रोड ब्रिज के पास क्षिप्रा स्थित यात्री प्रतीक्षालय में बैठकर मोबाइल पर बात कर रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। दो युवकों ने उसके साथ मारपीट की, जिसमें एक ने पीछे से गर्दन पकड़ ली जबकि दूसरे ने सिर और जांघ पर बियर की कांच की बोतल से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी उसकी बाइक की चाबी छीनकर उसे नाली की ओर धक्का देते हुए मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आकाश पटेल उर्फ अप्पु खोटा सहित दो विधि-विरुद्ध बालकों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि लूटी गई बाइक को शहजाद कुरैशी को बेच दिया गया था। पुलिस ने शहजाद कुरैशी को भी गिरफ्तार किया, जिसने बाइक के पार्ट्स अलग-अलग कर कबाड़ कारोबारियों को बेचने की बात स्वीकार की। इसके बाद विनोद योगी और सद्दाम गौरी को गिरफ्तार कर लूटी गई मोटरसाइकिल के विभिन्न पार्ट्स बरामद किए गए।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने ग्राम कदवाली खुर्द क्षेत्र से एक अन्य मोटरसाइकिल चोरी की थी, जिसे भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। वहीं नागदा पहाड़ी क्षेत्र में केबल चोरी की कई घटनाओं में भी इनकी संलिप्तता सामने आई है। पुलिस अन्य मामलों में भी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और चोरी गए मशरूका की बरामदगी की कार्रवाई जारी है।
पुलिस की इस कार्रवाई को हाल के दिनों में लूट और चोरी के मामलों में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
News by hello! DEWAS sources. Kindly DM for any issues .
.
In news ad
.
Dewas | Dewas City | Dewas Update | देवास | देवास शहर | Dewas News | Hello Dewas
#dewas #hellodewas #dewasnews #dewasbreaking