मुख्यमंत्री ने जिला की 36 ई-लाइब्रेरी का किया वीसी के माध्यम से उद्घाटन
- ई लाइब्रेरी में ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे घर बठे कर सकेंगे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी
भिवानी, 9 जून। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला भिवानी की 36 अत्याधुनिक ई-लाइब्रेरियों का उद्घाटन किया। वहीं इन ई-लाइब्रेरियों के उद्घाटन अवसर पर जिले के विभिन्न गांवों में कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें जनप्रतिनिधि, विकास एवं पंचायत विभाग से अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
वीसी के माध्यम से अपना संदेश देते हुए मुख्यमंत्री श्री सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार ग्रामीण युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और डिजिटल संसाधन उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। ई-लाइब्रेरियां ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए ज्ञान और अवसरों के नए द्वार खोलेंगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इन पुस्तकालयों का अधिकतम उपयोग कर अपने सपनों को साकार करें तथा प्रदेश और देश की प्रगति में योगदान दें।
वहीं दूसरी ओर डीसी साहिल गुप्ता ने बताया कि जिले के बवानीखेड़ा, बहल, भिवानी, कैरू, लोहारू तथा तोशाम खंड के 36 गांवों में ई-लाइब्रेरियां स्थापित की गई हैं। इन ई लाइब्रेरियों पर 4 लाख रुपये से लेकर 16.24 लाख रुपये तक की राशि की लागत आई है। सबसे अधिक राशि लोहारू खंड के गांव धाणी टोडा में 16.24 लाख रुपये तथा ढाणी चांग में 15.47 लाख रुपये की धनराशि खर्च की गई, जबकि बड़दु मुगल में 15.32 लाख रुपये और चांग में 15.26 लाख रुपये की लागत से ई-लाइब्रेरी स्थापित की गई।
उन्होंने बताया कि अजीतपुर में 14.03 लाख, बाजीना में 13.05 लाख, निमड़ीवाली में 10.72 लाख, हरियावास में 10.67 लाख, धनाना- तृतीय में 10.43 लाख सहित अन्य गांवों में भी आधुनिक सुविधाओं से युक्त पुस्तकालय स्थापित किए गए हैं। इन पुस्तकालयों में डिजिटल अध्ययन सामग्री, इंटरनेट सुविधा, कंप्यूटर आधारित संसाधन, अध्ययन कक्ष तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया गया है।
उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में ग्रामीण युवाओं को शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। ई-लाइब्रेरियां विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें डिजिटल युग की चुनौतियों के लिए तैयार करेंगी। उन्होंने युवाओं से पुस्तकालयों का उपयोग कर अपने ज्ञान और कौशल को विकसित करने का आह्वान किया।
जिले में भैणी जाटान, भैणी ठाकरान, किरावड, सिवाड़ा, हरियावास, सेरला, सुधीवास, अजीतपुर, चांग, धनाना-III, ढाणी चांग, कालूवास, कौंट, खरक खुर्द, मधमाधवी, निमड़ीवाली, पालूवास, प्रेमनगर, तिगड़ाना, ढांगर, धरवाणबास, इंदीवाली, जुई खुर्द, कैरू-II, लेघा हेतवान, लोहानी, सिमलीवास, सुंगरपुर, बडदू मुगल, ढाणी तोडा, खरकड़ी, आलमपुर, बाजीना, देवावास, निगाना खुर्द तथा संडवा गांवों में इन ई-लाइब्रेरियों का शुभारंभ किया गया। वहीं गांव संडवा में लाइब्रेरी उद्घाटन के समय कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी व पूर्व सांसद किरण चौधरी के प्रतिनिधि एडवोकेट हरिसिंह सांगवान, पंचायती राज के एसडीओ देवेंद्र सिंह व निगाना खुर्द में मास्टर आत्माराम उपस्थित थे।
बॉक्स
- ई-लाइब्रेरी से युवाओं को होंगे ये लाभ
युवाओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अध्ययन वातावरण बनाना । डिजिटल कंटेंट, ई-बुक्स और ऑनलाइन पाठ्य सामग्री तक आसान पहुंच। हाई-स्पीड इंटरनेट के माध्यम से आधुनिक ज्ञान और तकनीक से जुड़ाव करना । रोजगार, कौशल विकास और करियर मार्गदर्शन संबंधी जानकारी उपलब्ध करवाना । ग्रामीण विद्यार्थियों को शहरों जैसी अध्ययन सुविधाएं देना । पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा तथा सकारात्मक शैक्षणिक माहौल का निर्माण करना है।
डिजिटल इंडिया और विकसित हरियाणा के लक्ष्य को मजबूती देना है।
बॉक्स
ई-लाइब्रेरी केवल एक भवन नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य को संवारने का सशक्त माध्यम है। विद्यार्थी इन सुविधाओं का उपयोग कर अपने ज्ञान का विस्तार करें, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करें और अपने गांव, जिले तथा प्रदेश का नाम रोशन करें।
– साहिल गुप्ता, डीसी भिवानी