
देहरा: महिला को पावर टिलर से चोट पहुंचाने का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया केस
Ashish Sharma
#timesofhimachal
देहरा, 7 जून। पुलिस थाना देहरा में एक महिला को घायल करने के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव टकरेड़, डाकघर मुहाल, तहसील देहरा निवासी प्रकाश चंद ने शिकायत दर्ज करवाई है कि रविवार सुबह करीब 9 बजे उनकी पत्नी शशि बाला घर के पीछे घरेलू कार्य कर रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही राय सिंह पुत्र प्रतूल चंद ने उनके साथ गाली-गलौज की तथा पावर टिलर से उन्हें घायल कर दिया। घटना में महिला के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन घायल महिला को उपचार के लिए पहले ही देहरा अस्पताल ले जाया जा चुका था। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर महिला का मेडिकल करवाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा रेफर कर दिया। चिकित्सकों की अंतिम राय एक्स-रे एवं अन्य जांच रिपोर्ट आने के बाद प्राप्त होगी।
प्रारंभिक जांच, शिकायत पत्र और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस थाना देहरा में एफआईआर संख्या 37/2026 दर्ज की गई है। मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 126(2), 115(2) और 352 के तहत दर्ज किया गया है।
पुलिस जिला देहरा के एसपी मयंक चौधरी ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही झगड़े की वास्तविक वजह और घटना से जुड़े सभी तथ्य स्पष्ट हो पाएंगे। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।