
गोपालगंज। जिले के सिधवलिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 5.900 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में तीन तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक साइकिल भी जब्त की है।
जानकारी के अनुसार, 7 जून को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति साइकिल से गांजा लेकर शेर बाजार से जामो की ओर जा रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम ने शेर टोला भोजहाता स्थित छठी माई स्थान के समीप वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध साइकिल सवार को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद कपड़े के झोले से 4 किलो 900 ग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार युवक की पहचान सिवान जिले के हरिहरपुर कला निवासी सकलदेव सिंह के रूप में हुई। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने शेर टोला भोजहाता में छापेमारी कर सुरेन्द्र कुमार और सुमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के घर की तलाशी के दौरान एक किलोग्राम गांजा और बरामद किया। इस प्रकार कुल 5.900 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।
इस संबंध में सिधवलिया थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।
Fatehpur, Gaya | Jun 8, 2026