
पूर्व मंत्री रमेश धवाला ने भाजपा नेतृत्व को चेताया, बोले- पार्टी में लगी ‘दीमक’ नहीं हटाई तो परिणाम सामने हैं #kangra ।। #timesofhimachal ।। #dehra
देहरा। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री रमेश धवाला ने जिला परिषद चुनाव परिणामों के बाद पार्टी संगठन को कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि पार्टी में मौजूद गुटबाजी और कार्यकर्ताओं की अनदेखी भविष्य में और बड़े नुकसान का कारण बन सकती है।
धवाला ने दावा किया कि देहरा और ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्रों से चार जिला परिषद सदस्य उनके समर्थक चुनकर आए हैं, जिससे यह स्पष्ट हो गया है कि क्षेत्र में उनका जनाधार और प्रभाव आज भी कायम है।
उन्होंने कहा कि ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र की तीन जिला परिषद सीटों पर कांग्रेस अपना खाता भी नहीं खोल सकी। इन सीटों पर भाजपा और निर्दलीय उम्मीदवारों की जीत हुई, जिन्हें धवाला समर्थक माना जा रहा है। उन्होंने इसे कार्यकर्ताओं और जनता के विश्वास की जीत बताया।
पार्टी से नाराज चल रहे रमेश धवाला ने कहा कि उन्होंने पहले भी संगठन को चेताया था कि पार्टी में कुछ लोग "दीमक" की तरह संगठन को भीतर से कमजोर कर रहे हैं। यदि समय रहते ऐसे तत्वों को नहीं हटाया गया तो भविष्य में भी पार्टी को नुकसान उठाना पड़ सकता है।
धवाला ने कहा कि जिला परिषद चुनाव के नतीजे इस बात का संकेत हैं कि जमीनी कार्यकर्ताओं की भावनाओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने पार्टी नेतृत्व से नाराज कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने और संगठन को मजबूत करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यदि भाजपा को भविष्य में चुनावी सफलता दोहरानी है तो संगठन में समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मान देना होगा और गुटबाजी पर अंकुश लगाना होगा। "परिणाम सबके सामने हैं, अब भी समय है कि पार्टी आत्ममंथन करे और आवश्यक सुधार करे," धवाला ने कहा।