
बिग ब्रेकिंग़: अब गढ़वाल से 15 साल की लड़की हो गई लापता। श्रीनगर से 15 वर्षीय किशोरी लापता, पुलिस जांच में जुटी।
श्रीनगर। श्रीनगर क्षेत्र से एक 15 वर्षीय किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरी सोमवार तड़के अपने घर से बिना बताए कहीं चली गई, जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और समाजसेवी लखपत सिंह भंडारी से भी मदद की गुहार लगाई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर किशोरी सुबह करीब चार बजे घर से निकलती हुई दिखाई दी। हालांकि इसके बाद वह कहां गई, इसका अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि किशोरी की क्षेत्र के एक 16 वर्षीय नाबालिग युवक से मित्रता थी। परिवार का कहना है कि उन्होंने पहले भी इस संबंध को लेकर आपत्ति जताई थी और कुछ दिन पूर्व किशोरी को इस संबंध में समझाया था। परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने संबंधित युवक से भी पूछताछ की है। पुलिस के अनुसार युवक अपने घर पर मिला है और उससे आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।
मामले की जानकारी मिलने पर समाजसेवी लखपत सिंह भंडारी ने भी पुलिस से किशोरी की सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किशोरी की तलाश के लिए विभिन्न टीमें लगाई गई हैं। तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर भी जांच जारी है। फिलहाल किशोरी के लापता होने के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।
किशोरी के अचानक घर से चले जाने की घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है। वहीं परिजन उसकी सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जल्द ही मामले में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।